Thursday, October 22nd, 2026

म्यांमार ने भारत से कहा- सीमा पार करके गए पुलिसकर्मियों को वापस लौटाओ

नई दिल्ली
म्यांमार ने भारत से अपने उन पुलिसकर्मियों को वापस लौटाने के लिए कहा है जो कुछ दिन पहले सीमापार कर के मिजोरम में शरण लेने पहुंचे थे। ये पुलिसकर्मी म्यांमार की सेना के आदेशों से बचने के लिए भागकर भारत पहुंचे थे। बीते महीने म्यांमार की सेना ने लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई सरकार का तख्तापलट कर सत्ता अपने कब्जे में ले ली थी।

1 फरवरी को हुए तख्तापलट के बाद देश में हो रहे प्रदर्शनों को दबाने के लिए कड़ी सैन्य कार्रवाई के बाद म्यांमार से करीब 30 पुलिसकर्मी और उनका परिवार हाल के दिनों में शरण मांगने के लिए सीमापार आया है। मिजोरम के चंपाई जिले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें म्यांमार के फलम जिले में अपने समकक्ष की तरफ से एक चिट्ठी मिली है जिसमें कहा गया है कि दोस्ताना रिश्ते बनाए रखने के लिए भारत उनके आठ पुलिसवालों को वापस लौटा दे।

डिप्टी कमिशनर मारिया सी.टी. जुआली ने शनिवार को कहा कि वह भारत के गृह मंत्रालय से आदेश मिलने का इंतजार कर रही हैं। म्यांमार की ओर से भेजी गई चिट्ठी में लिखा है कि उन्हें सूचना मिली है कि उनके आठ पुलिसकर्मी भारत पहुंच गए हैं। चिट्ठी में 22 से 25 साल की उम्र वाले चार पुलिसकर्मियों की जानकारी है जिनमें से एक महिला ऑफिसर भी है।चिट्ठी में लिखा है, 'दोनों पड़ोसी देशों के बीच दोस्ताना रिश्ते बनाए रखने के लिए आपसे निवेदन है कि उन 8 पुलिसवालों को म्यांमार वापस भेजें जो भारतीय क्षेत्र में घुसे थे।'

 

#म्यांमार

Source : Agency

पाठको की राय